अंबेडकरनगर जिला मुख्यालय पर सोमवार को लगा भीषण जाम।
- फोटो : अमर उजाला
दो ट्रकों की टक्कर होने से वाराणसी-लखनऊ राजमार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप गया। बीच सड़क पर दोनों ट्रकों के फंसे होने से कई किमी. तक वाहनों की कतारें लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने कई घंटे तक जाम में फंसी यात्री बसाें व अन्य वाहनों को मुख्य चौराहे और दहिला मौड़ से डायवर्ट कर दिया।
इस बीच 14 घंटे तक आवागमन ठप रहा। बाद में क्रेन से ट्रकों को मार्ग से हटाया गया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका है। ट्रक भिड़ने के बाद दोनों वाहनों के चालक मौके से भाग निकले। बुधवार रात करीब एक बजे कोतवाली के गोतौना गांव के पास सुल्तानपुर की ओर से गिट्टी लेकर जा रहा ट्रक सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गया।
इससे सड़क जाम हो गई। घटना स्थल से हैदरगढ़ की ओर कस्बे के मुख्य चौराहे तक और दूसरी ओर कई किमी. दूर लोनीकटरा थाने तक वाहन खड़े रहे। भोर से लखनऊ की ओर से आने वाले वाहनों को दहिला पोखरा मार्ग व सुल्तानपुर की ओर से आए वाहनों को मुख्य चौराहे से बाराबंकी बछरांवा मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया है।
मंगलपुर होकर कोठी मार्ग, बारा से होकर औसानेश्वर मार्ग समेत कई लिंक मार्गों से सवारी बसों व अन्य छोटे वाहनों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। क्रेन के मौके पर पहुंचने पर दोनों ट्रकों को सड़क से हटाया गया। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे हाईवे पर आवागमन बहाल हो सका है।