बाराबंकी। एसटीएफ की टीम ने शनिवार रात नेपाल से लाकर बिहार में एकत्र करने के बाद गोरखपुर जा रही छह किलो चरस बरामद करते हुए बिहार के दो तस्करों को दबोच लिया। ये तस्कर गोरखपुर से जयपुर रेलवे स्टेशन तक किसी मिश्रा को माल देकर रकम लेते थे।
एसटीएफ के अनुसार इंस्पेक्टर संतोष कुमार सिंह की टीम ने शनिवार रात करीब ढाई बजे सतरिख थाना क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर घेराबंदी कर बिहार प्रांत के मोहल्ला चंदवारी, थाना मोतीहारी, जिला पूर्वी चंपारण निवासी सिद्धार्थ कुमार व आईटीआई कॉलोनी, थाना मुफस्सिल, जनपद पश्चिमी चंपारण निवासी अमित कुमार को गिरफ्तार कर पांच किलो 920 ग्राम चरस बरामद की।
पूछताछ में दोनों ने बताया कि नेपाल से थोड़ी मात्रा में चरस लाकर अपने घर में इकट्ठा करते हैं। पांच या छह किलो हो जाती है तो गोरखपुर व यहां से जयपुर रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचते हैं। वहां कोई व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क करता है। वह अपने को मिश्रा बताता है। उसको माल देकर और पैसा लेकर लौट आते हैं।