मवेशी चराने गई दो बहनें गोमती नदी मेें डूब गई। लोगोें ने जब दोनों को डूबते देखा तो वे उन्हें बचाने दौड़े। इस दौरान एक बालिका को बचा लिया लेकिन दूसरी का पता नहीं लग सका है। पुलिस ने लापता बालिका की तलाश के लिए गोताखोर लगाए है लेकिन रविवार देर रात तक उसका कुछ पता नहीं चल सका।
असंद्रा थाना क्षेत्र के बेलपुर गांव के रहने वाले रामेश्वर यादव की दो बेटियां ममता (8) व मंजू (12) रविवार को मवेशी चराने के लिए खेत गई थी। वहां पास में ही गोमती नदी है। मवेशी नदी के पानी में चले गए। जिसके बाद दोनों बहनें ममता व मंजू भी नदी में नहाने के लिए जा पहुंची।
इस दौरान दोनों नदी में नहाते नहाते गहरे पानी में चल गईं।। पानी में डूबती दोनों बहनों ने चिल्लाना शुरू किया। इस पर आसपास के ग्रामीण उन्हें बचाने के लिए दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने मंजू को नदी से सकुशल बाहर निकाल लिया लेकिन उसकी बहन ममता का पता नहीं लग सका है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना असन्द्रा पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी अरुण द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गोताखोरों के माध्यम से लापता बालिका की नदी में तलाश शुरू कराई। लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं लग सका।
एसओ का कहना है कि नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण हो सकता है कि बालिका काफी आगे निकल गई हो। बालिका की खोज गोताखार कर रहे हैं। देर रात तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है। अंधेरा होने के कारण गोताखारों को भी खोजबीन करने में दिक्कत हो रही है।