बाराबंकी। धान की तौल कराने को लेकर बदोसराय में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुुई। इसमें पांच लोग घायल हो गए और दो लोगों की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं शहर की नवीन मंडी स्थित विपणन शाखा के कांटा नंबर दो पर भी तौल को लेकर किसानों और कर्मियों में विवाद हो गया। नाराज किसानों ने निजी कर्मी को कार्यालय में बंद कर दिया। मौके पर पहुंचे केंद्र प्रभारी ने दो नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए जाने के लिए तहरीर दी है।
पुलिस के मुताबिक कस्बा बदोसराय स्थित विपणन शाखा के धान खरीद केंद्र पर धान की तौल कराने को लेकर निर्मल तिवारी निवासी रमसहाय व राजेंद्र यादव निवासी रसूलपुर के बीच गुरुवार की सुबह विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडें निकल आए और मारपीट शुरू हो गई। इसमें निर्मल पक्ष से नीरज (22), निर्मल (45) तथा दूसरे पक्ष से आलोक (22), अमर यादव (13) व राजेंद्र प्रसाद (50) समेत पांच लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी सिरौलीगौसपुर में भर्ती कराया। जहां से आलोक तथा राजेंद्र प्रसाद को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाल दया शंकर सिंह का कहना है कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उधर, गुरुवार को नवीन मंडी स्थित विपणन शाखा के कांटा नंबर दो पर भी धान की तौल कराने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि छात्रसंघ जिलाध्यक्ष भाकियू भानु के अपुल वर्मा और बंशीलाल ने यहां कार्यरत निजी कर्मी अंकित को परिसर में बनी दुकान में बंद कर बंधक बना लिया।
इनका आरोप है कि सुबह आठ बजे से ही बिचौलियों के धान की तौल शुरू कर दी जाती है। हम लोग सुबह पहुंचे तो किसानों को आवंटित कांटा बंद था जबकि विपणन के कांटे पर एक बिचौलिए का धान तौला जा रहा था हम लोगों ने इसका विरोध किया और निजी कर्मी को वहीं की एक दुकान में बंद कर दिया।
क्रय केंद्र प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि भाकियू के पदाधिकारी धान की तौल भी करा रहे हैं और कर्मियों से अभद्रता भी कर रहे हैं जबकि इनका धान तौलने के लिए एक अलग कांटा चलाया जा रहा है। एक कर्मी से मारपीट करने और दुकान में बंद करने पर अपुल वर्मा, बंशीलाल समेत कई अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी गई है।