घायल किशोरों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
संवाद न्यूज एजेंसी
हैदरगढ़/सफदरगंंज (बाराबंकी)। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में सोमवार को दो युवकों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए।
थाना क्षेत्र लोनीकटरा के गुजरान पुरवा मजरे भिलवल निवासी साहिर के मुताबिक उसका भाई फजील (28) कोतवाली हैदरगढ़ के मोहल्ला सब्जी मंडी निवासी जीशान (12) के साथ बाइक से असंद्रा थाना क्षेत्र के जरगांव मेला देखने गया था। वापसी में बाराबंकी-नईसड़क मार्ग पर पहुंचे, जहां उन्हें पुलिस चेकिंग करती दिखाई दी। इससे बचने के लिए उसने तेजी से बाइक भगाई। इसी दौरान सरैयां-नईसड़क के बीच किसी अज्ञात वाहन से उसकी बाइक टकरा गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने फजील को मृत घोषित कर दिया और जीशान को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फजील सिलाई कढ़ाई का काम करता था। वहीं असंद्रा थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया कि गांव में कार्यक्रम स्थल पर पुलिस बल मौजूद था। देर रात सड़क पर पुलिस ने कोई चेकिंग नहीं लगाई थी।
सफदरगंज थाना क्षेत्र के अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर प्यारेपुर सरैंया गांव के पास एक होटल के सामने खड़े डंपर से सोमवार दोपहर एक बजे दो बाइक सवार युवक टकरा गए। हादसे में एक की मौत हो गई, दूसरा घायल हो गया। बताते हैं कि जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के ढकौली गांव निवासी नान (22) अपने साथी समीर (16) के साथ बाइक पर अयोध्या की ओर जा रहा था। रास्ते में हाईवे किनारे खड़े डंपर से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। दोनों घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान नान की मौत हो गई। जबकि समीर का उपचार किया जा रहा है।