बाराबंकी। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के हसौर गांव निवासी फूलचंद्र (60) अपने भाई बंशीलाल व गांव के ही विंधे के साथ बुधवार की देर रात एक ही बाइक से निकले थे। इसी दौरान हसौर से अरवा गांव जाने वाले मार्ग पर नहर पुलिया के निकट सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आननफानन तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां फूलचंद की मौत हो गई। बताते हैं कि बाइक विंधे चला रहा था और कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। एसएचओ टिकैतनगर अंगद कुमार सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाले ट्रैक्टर की तलाश की जा रही है। हादसे की फूलचंद्र की मौत होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर, बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र के महुरीकला गांव निवासी पिंटू (35) 10 दिन पहले मजदूरी के लिए बाराबंकी आया था। वह शहर के छाया चौराहे पर मजदूरी की तलाश में रोज सुबह खड़ा होता था, जबकि शाम को एक परिचित के यहां सो जाता था। बुधवार की देर रात हाईवे पर घायल हालत में मिले पिंटू को एंबुलेंस जिला अस्पताल लेकर आई। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। शहर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।