जिले में अलग अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत दो लोगों की जान चली गई। इन हादसों में सतरिख थाना क्षेत्र में बड़ापुरा गांव के पास मंगलवार की देर रात दो बाइकों में आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार एक युवक की मौत हो गई व एक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पहला हादसा सतरिख थाना क्षेत्र में हुआ। यहां पर बड़ापुरा गांव निवासी कुलदीप (22) पुत्र पुत्तीलाल अपने साथी बीरेंद्र कुमार (28) निवासी ग्राम नरेंदी थाना चिनहट लखनऊ के साथ मंगलवार की देर रात बाइक से घर की ओर जा रहे थे। तभी गांव के समीप सामने से एक बाइक ने इनकी बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में कुलदीप व वीरेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
आस पास के लोगों ने दोनों युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर कुलदीप की मौत हो गई, जबकि वीरेंद्र का इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक सवार बिना हेलमेट के चल रहे थे। एसओ अजय सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ हादसा करने वाले दूसरे बाइक सवार का पता लगाया जा रहा है।
वहीं कोतवाली नगर क्षेत्र के मंगलपुर निवासी कमरूलनिशा (55) पत्नी जाकिर को मंगलवार को हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दिया। परिवारीजनों ने महिला को इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी पुलिस को दिए बगैर परिजन महिला का शव लेकर घर चले गए हैं।