बाराबंकी। फतेहपुर कोतवाली में तैनात इंस्पेक्टर समेत दो लोग डेंगू संक्रमित मिले हैं। वहीं हैदरगढ़ के सुबेहा निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। तीनों का उपचार लखनऊ के निजी अस्पतालों में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों के निवास स्थान पर जांच के लिए रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) भेजी है। जिले में डेंगू और अन्य संक्रामक रोगों के मामले सामने आने पर स्वास्थ्य विभाग सर्वे और जांच करा रहा है।
फतेहपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। हालत बिगड़ने पर लखनऊ के निजी अस्पताल में जांच कराई गई। रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि होने के बाद वह वहीं भर्ती होकर उपचार करा रहे हैं।
बंकी निवासी 40 वर्षीय युवक भी डेंगू पॉजिटिव मिला है। परिजनों के मुताबिक वह एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था और निजी चिकित्सकों से उपचार करा रहा था। सुधार न होने पर लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां जांच में डेंगू की पुष्टि हुई।
उधर, सुबेहा निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति को चार दिन पहले तेज बुखार आया था। स्थानीय निजी चिकित्सक से उपचार के बाद आराम नहीं मिला तो लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई।
जहां पर डेंगू और स्वाइन फ्लू के मरीज मिलते हैं, वहां पर शिविर लगाकर उनके परिजनों की जांच के लिए रैपिड रिस्पांस टीम को मौके पर भेजा जाता है। इन तीनों स्थानों पर जांच के लिए आरआरटी को भेजा जाएगा।
डॉ. आरएस स्वामी, प्रभारी सीएमओ