बाराबंकी। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुई चार सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। दोनों मौतें रोडवेज बस की टक्कर से हुई हैं। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के केवाड़ी गांव निवासी किसान बुधराम गौतम (50) बुधवार सुबह दवा लेने घर से निकले थे। पुलिस के अनुसार, लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर केवाड़ी मोड़ के पास रोडवेज बस ने उन्हें टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने दौड़कर बस को रोका। घायल बुधराम को तुरंत जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया और यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया।
वहीं, दरियाबाद के कुशफर गांव निवासी जब्बार अली (45) अपनी पुत्री शिफा (18) के साथ देवा स्थित दरगाह दर्शन करने गए थे। लौटते समय वे एक टेंपो में सवार थे, तभी बाराबंकी-देवा मार्ग पर जहांगीराबाद क्षेत्र में चंदौली गांव के पास बस ने टेंपो में टक्कर मार दी। टेंपो चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन जब्बार और उनकी पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां जब्बार को मृत घोषित किया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लिया और मृतक के पुत्र अफसर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के घघसी निवासी अल्ताफ (27) अपने साथी तौफीक (33) के साथ बुधवार को बाइक से फतेहपुर जा रहे थे। बेलहरा-फतेहपुर मार्ग बिहुरा गांव के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप व बाइक में भिड़ंत होने से दोनों घायल हो गए। उन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
इसी तरह रामनगर कोतवाली क्षेत्र के बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर चौकाघाट के पास बुधवार सुबह दो बाइकें आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर सवार बहराइच के थाना जरवल रोड के पट्टी गांव निवासी गौसिया सानो (45), आफाक (50) व अल्तमश (22) तो दूसरी बाइक पर सवार रामनगर क्षेत्र के लहाड़रा निवासी हनुमान पांडेय (35) व मड़ना गांव निवासी दिनेश कुमार (40) को भी चोटें आई हैं। गौसिया बानो व हनुमान पांडेय को गंभीर अवस्था में रेफर किया गया।
.........................