त्रिवेदीगंज क्षेत्र के मंगलपुर गांव में फैली गंदगी। संवाद
त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। ब्लॉक क्षेत्र त्रिवेदीगंज के अलग-अलग गावों में डेंगू बुखार जैसे लक्षण से पीड़ित युवक व वृद्ध की लखनऊ के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं गांव में बुखार से पीड़ित एक अन्य मरीज निजी डॉक्टर से इलाज करा रहा है। दो मौतों की जानकारी होने के बावजूद अब तक स्वास्थ्य विबाग की कोई टीम गांव में नहीं पहुंची।
क्षेत्र के मंगलपुर गांव के रामनरेश (72) छह दिन से बुखार से पीड़ित थे। निजी डॉक्टर के इलाज से फायदा नहीं हुआ और हालत बिगड़ती चली गई। बुधवार को उनको लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बृहस्पतिवार शाम निधन हो गया।
रामनरेश के पुत्र चंद्रशेखर वर्मा ने बताया कि डेंगू जैसा बुखार होने के चलते लगातार प्लेटलेट्स कम हो रही थी जिसके चलते मौत हो गई। जांच में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई थी। इसी गांव के संतलाल (70) सात दिन से बुखार से पीड़ित हैं और निजी चिकित्सक से इलाज करा रहे हैं।
वहीं क्षेत्र की शिवनाम ग्राम पंचायत के मजरे साहबगंज के मनीष वर्मा (23) को सात दिन पहले बुखार आने पर निजी चिकित्सक को दिखाया गया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने मंगलवार को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। बृहस्पतिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उनकी भी प्लेटलेट्स काफी कम हो गई थी।
दो मौतों के बाद भी अब तक गांवों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई टीम नहीं भेजी गई है। सीएचसी त्रिवेदीगंज के अधीक्षक डॉ. हरिप्रीत सिंह ने बताया कि बुखार से पीड़ित दोनों मृतकों में डेंगू की पुष्टि नहीं हुई है। शनिवार को गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी।
गांवों की सफाई व्यवस्था चौपट
शासन के सख्त निर्देश के बाद भी संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए जिम्मेदार विभाग गंभीर नहीं हैं। मंगलपुर गांव में नालियां पूरी तरह से चोक हैं। नालियों के आसपास मच्छरों की भरमार है। संचारी रोग नियंत्रण के नाम पर भी यहां सिर्फ खानापूर्ति की गई। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर सफाई व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहे हैं। चूना, ब्लीचिंग पाउडर व कीटनाशकों का छिड़काव भी नहीं हो पाया है। यही हाल साहबगंज में भी बना हुआ है।