त्रिवेदीगंज। विधानसभा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य एसआईआर के कार्य में लगे दो पंचायत सहायकों द्वारा अलग-अलग कारणों से पद से त्यागपत्र दे दिया गया। इससे चुनाव कार्य प्रभावित होगा। हालांकि इनका त्याग पत्र अभी स्वीकार नहीं किया गया। एक स्थान पर दूसरे कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई है।
ब्लॉक क्षेत्र की भितरी ग्राम पंचायत के पंचायत सहायक शिवकुमार को रौनी पंचायत में बीएलओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन्होंने बीते सप्ताह त्याग पत्र निजी कारणों से दे दिया। हालांकि एसआईआर संबंधी सभी प्रपत्र भी जमा करा दिए। इनके स्थान पर चकबंदी लेखपाल देशराज को एसआईआर के लिए कार्यभार सौंपा गया है। वहीं हुसेनाबाद ग्राम पंचायत के पंचायत सहायक रोहित वर्मा ने प्रतियोगी परीक्षा में भाग लेने के लिए तैयारी करने को कारण बताते हुए अपने इस्तीफा दिया। उन्होंने सशपथ बीडीओ त्रिवेदीगंज को अपना त्यागपत्र भेजा है। रोहित वर्मा हुसेनाबाद में बीएलओ का कार्य भी कर रहे थे।
एडीओ पंचायत त्रिवेदीगंज ऋषि पाल सिंह ने बताया कि दोनों पंचायत सहायकों के त्यागपत्र अभी स्वीकार नहीं किए गए हैं। एसडीएम राजेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि रौनी बीएलओ के पद से त्यागपत्र देने की सूचना पर चकबंदी लेखपाल की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं हुसेनाबाद के मामले में अभी सूचना प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन जानकारी मिलते ही दूसरे कर्मचारी को इस जिम्मेदारी के लिए नियुक्त किया जाएगा।