बाराबंकी। लगातार हो रही बारिश से जलभराव, सड़कें धंसने और मकान गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। जलभराव ने लोगों की मुसीबतें बढ़ा दी हैं तो वहीं कच्चे घरों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। वहीं बारिश के कारण निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। सआदतगंज में कल्याणी नदी का जलस्तर भी बढ़ने से खेत जलमग्न होने लगे हैं।
मंगलवार देर शाम से शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। बारिश के कारण दरियाबाद ब्लॉक के कोटवाधाम गांव में मीरा देवी का कच्चा मकान गिर गया। घर का सामान मलबे में दब गया। गनीमत रही कि कोई अनहोनी नहीं हुई। सुबेहा के सोइना मजरे रोहना मीरापुर में बुधवार को पारसनाथ तिवारी का कच्चा मकान ढह गया। मलबे की चपेट में आकर बछड़ा चोटिल हो गया। दोनों घटनाओं में लेखपाल ने स्थल की जांच कर सहायता के लिए रिपोर्ट भेजी है।
सफेदाबाद के परेठिया गांव के पास रेलवे गेट संख्या 182सी पर 14 करोड़ रुपये से निर्माणाधीन रेलवे अंडरपास बारिश के पानी में डूब गया। जुलाई 2026 से इसका निर्माण कार्य ठप है। सितंबर 2025 में इस अंडरपास का निर्माण शुरू हुआ था और सिर्फ 20 फीसदी काम ही हो सका है। खुले में पड़ी निर्माण सामग्री भी खराब हो रही है। आधा दर्जन गांव इस अंडरपास के जरिये अयोध्या हाईवे से जुड़ने के लिए इसका इंतजार कर रहे हैं।
नाले की सफाई न होने से जलभराव
सैदनपुर। शेरअली पुरवा गांव में नाले की सफाई न होने से बारिश का पानी कई घरों के बाहर भर गया है। ग्रामीणों को संक्रमण और मच्छर जनित बीमारियों की चिंता सताने लगी है। बीडीओ सिरौलीगौसपुर संजीव गुप्ता ने बताया कि जल्द नाले की सफाई कराई जाएगी। वहीं, त्रिवेदीगंज के हुसैनाबाद से कोठी मार्ग पर लोनीनाला पुल के पास एप्रोच व सड़क धंसने से लोगों की मुसीबतें बढ़ गई हैं। गहरे खड्ड में गिरने का जोखिम बढ़ने से बड़े वाहनों की आवाजाही बंद है। बारिश के कारण चकौरा-सुबेहा मार्ग धंस गया है। चकौरा निवासी बाबूराम ने बताया कि बिद्दी का पुरवा गांव के पास सड़क धंसने से बड़ा गड्ढा हो गया है। (संवाद)