बाराबंकी में मुठभेड़ के दौरान दो बदमाश गिरफ्तार किए गए हैं। पैर में गोली लगने से एक घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ये चोरी के मामले में फरार चल रहे थे। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
यूपी के बाराबंकी में शनिवार देर रात पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पकड़े गए दोनों बदमाश शातिर अपराधी हैं। हाल ही में क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात में शामिल रहे हैं। इनके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
विज्ञापन
मुठभेड़ फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के तालगांव नहर पटरी पुल के पास हुई। एएसपी उत्तरी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि नहर पटरी पुल के पास दो बदमाशों के साथियों से मिलने की खबर मिली थी। इस पर स्वॉट टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाश भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है।
पुलिस ने घायल सहित दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के टेकुआ गांव निवासी पंकज उर्फ भागी और रामनगर कोतवाली क्षेत्र के लाल का पुरवा मजरा माधव जलालपुर निवासी समर सिंह उर्फ पपली के रूप में हुई है। पंकज घायल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन
एएसपी ने बताया कि पंकज के खिलाफ 11 और समर के खिलाफ आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अपने-अपने थानों के हिस्ट्रीशीटर भी हैं। तीन अप्रैल को इनके गिरोह ने फतेहपुर क्षेत्र के बेहटी गांव में एक घर से नकदी, जेवरात और अन्य सामान चुराया था। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के 10,400 रुपये नकद और एक तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य साथियों का पता लगाने में जुटी है।