बाराबंकी/सफदरगंज। अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घनाओं में दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। इनमें से एक घायल को गंभीर हालत में केजीएमयू रेफर किया गया है। हादसे की सूचना से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया।
सफदरगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बांसा मार्ग पर ईदगाह के पास तीव्र मोड़ होने के कारण डीसीएम असंतुलित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम में सवार जैदपुर थाना क्षेत्र के टेसुवा सलेमचक निवासी राजकुमार यादव (25), दुर्गेश कुमार (24) दिनेश (22) को घायल अवस्था में निकाल कर जिला अस्पताल भेजा। इनमें से राजकुमार ने अस्पताल पहुंचने पहले ही दम तोड़ दिया। जबकि दुर्गेश को लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार टेसुवा सलेमचक निवासी हरिभजन वर्मा केले की खेती करते हैं। उन्होंने बहराइच में पाॅली हाउस की पुरानी सामग्री खरीदी थी। राजकुमार समेत तीनों युवक डीसीएम से वह सामग्री लेकर आ रहे थे। रास्ते में गाडी का चालन हो जाने के कारण चालक ने रास्ता बदल दिया और चंदवारा गांव होकर टेसुवा सलेमचक जाना चाह रहा था। हादसे के बाद डीसीएम चालक कल्लू मौके से भाग निकला।
वहीं, महमूदाबाद कस्बा निवासी सगीर अहमद (34) बड्डूपुर के एक पेट्रोल पंप पर काम करता था। शुक्रवार रात पंप से साइकिल से निकला था। रास्ते में किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में सगीर को घुंघटेर सीएचसी रेफर किया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।