फतेहपुर के ग्राम हसनपुर टांडा में शनिवार सुबह ठंड लगने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। परिवारीजनों व ग्रामीणों ठंड से मौत की सूचना तहसील प्रशासन को दी। सूचना के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंच परिवारीजनों को मदद का आश्वासन दिया। उधर कोतवाली के बेलहरी गांव में ठंड लगने से झोपड़ी में रह रहे युवक की मौत होने की भी सूचना है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम हसनपुर टांडा निवासी 70 वर्षीय रामसनेही की शनिवार की सुबह ठंड लगने से मौत हो गई। उसके भाई के पुत्र अनिल कुमार व राहुल ने बताया कि उनके बड़े चाचा रामसनेेही घर के बाहर छप्पर के नीचे रहते थे। शनिवार की सुबह करीब आठ बजे जब वह उठे तो ठंड से कांप रहे थे। पड़ोसी रामकुुमार के घर के बाहर अलाव जल रहा था। रामसनेही अलाव सेंकने के लिए रामकुमार के घर के बाहर पहुंचे। वह अलावा सेंक रहे थे कि इसी बीच उन्हें चक्कर आ गया जिससे वह अलाव पर गिर गए। जिससे उनका पैर व चेहरा मामूली रूप झुलस गया। ग्रामीणों ने रामसनेही को उठा कर चारपाई पर लिटाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिवारीजनों ने रामसनेही की तबियत खराब होने की सूचना एंबुलेंस को दी। एंबुलेंस गांव पहुंची लेकिन रामसनेही की मौत होने से वह लौट गई। ग्रामीणों व परिवारीजनों ने रामसनेही की ठंड से मौत की सूचना हलका लेखपाल आलोक कुमार को दी। जिसके बाद एसडीएम डीपी पाल मौके पर पहुंचे और मदद का आश्वासन दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
त्रिवेदीगंज संवाद के अनुसार उधर कोतवाली के बेलहरी गांव में ठंड लगने से झोपड़ी में रह रहे युवक की मौत हो गई। शुक्रवार की रात कोतवाली के बेलहरी गांव के बाहर झोपड़ी में परिवार समेत रह रहे संजय 28 पुत्र सुंदर की मौत हो गई। ग्राम प्रधान चंद्रशेखर सिंह ने कहा परिवार वर्षों से गांव के बाहर झोपड़ी में परिवार के साथ रहता है तथा समीप के गांवों में मांग कर जीवन यापन कर रहा है। कड़ाके की ठंड के चलते मौत होने पर परिवार के कहने पर अंतिम संस्कार करा दिया गया है।