बाराबंकी। अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है।
बिहार के जिला भोजपुर, थाना कृष्णगढ़ के पकड़ी गांव निवासी रवींद्र पांडेय, इनकी पत्नी बिंदू, सिद्धार्थ, इनकी पत्नी अंशुल बृहस्पतिवार को कार से लखनऊ जा रहे थे। सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गेरावां गांव के पास एक खलासी ट्रक में आई खराबी को ठीक कर रहा था। इसी दौरान कार ट्रक में टकराकर पलट गई। हादसे में कार सवार लोगों के साथ खलासी भी घायल हो गया। पांचों लोगों को गंभीर हालत में पास के जिला अमेठी के सीएचसी शुकुलबाजार पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने झारखंड के जिला पलामू, थाना पनाम के सलहठी गांव निवासी खलासी सलमान (35) को मृत घोषित कर दिया। कार सवार चारों लोगों को सुल्तानपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक संजीत सोनकर ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी।
सतरिख थाना क्षेत्र के जाटा बरौली गांव निवासी मनीराम (40) बाइक से घर जा रहे थे। सतरिख चिनहट मार्ग पर टीआर भट्ठे के पास वनरोज से टकराने के बाद घायल हो गए। परिजन लखनऊ ले जा रहे थे, मगर रास्ते में उनकी मौत हो गई। उधर, रामसनेहीघाट क्षेत्र के पूरे घिसियावन निवासी दिव्यांग बलराम वर्मा (35) बृहस्पतिवार देर शाम ट्राईसाइकिल से घर जा रहा था। इसी दौरान हैदरगढ़ रोड पर बहरेला नहर के पास हैदरगढ़ की तरफ से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीचसी बनीकोडर में भर्ती कराया गया।