आंधी आने से पेड़ व बिजली गिरने से बालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। सुबेहा के शनीचरही बाजार में तेज आंधी के चलते गिरे पेड़ की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं रामनगर विकास खंड के ग्राम बेलपुरवा मजरे बिझला में बिजली गिरने से बालक की मौत हो गई। तेज हवा के साथ घाघरा के तटीय क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई।
शुक्रवार की रात को सुबेहा के सुलेमानपुर गांव निवासी रामउदित गुप्ता (65) शनीचरही बाजार स्थित अपनी बिल्डिंग मेटिरियल की दुकान के सामने सो रहे थे। रात में तेज आंधी के कारण समीप लगा गुलमोहर का पेड़ गिरने पर उसके नीचे दब गए।
परिवारीजनों ने पेड़ को हटाया लेकिन तब तक राम उदित की मौत हो चुकी थी। सुबह पहुंची पुलिस व हलका लेखपाल ने मौके की जांच कर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए लिखापढ़ी शुरू की लेकिन परिवारीजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
वहीं रामनगर विकास खंड के ग्राम बेलपुरवा मजरे बिझला में परशुराम के 11 वर्षीय पुत्र राकेश की बिजली गिरने से मौत हो गई। शनिवार की दोपहर करीब एक बजे राकेश अपने भाई सुरेश के साथ घर के बाहर खड़े थे। आंधी आने पर दोनों बबूल के पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
इसी बीच बिजली गिरने से राकेश बुरी तरह झुलस गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका भाई सुरेश गंभीर रूप से झुलस गया। घायल सुरेश को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मौके पर तहसीलदार प्रेमचंद्र मौर्या पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।