बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे व किसान पथ पर सोमवार देर शाम तेज रफ्तार ट्रकों की चपेट में आकर राजस्थान के ट्रक चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। मंगलवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, सफेदाबाद में मंगलवार को स्कूटी अनियंत्रित होने से युवक घायल हो गया।
राजस्थान के फलौदी जिले के बिठड़ी निवासी हैदर खान (41) गांव के ही अकबर के साथ हरियाणा से माल लादकर गोरखपुर जा रहे थे। सोमवार शाम किसान पथ पर माती क्षेत्र के टिकरिया गांव के पास हैदर ने ट्रक सड़क किनारे खड़ा कर टायर चेक करने शुरू किए। इसी दौरान लखनऊ की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक उन्हें रौंदते हुए उनके ट्रक से टकरा गया। हैदर की मौके पर ही मौत हो गई। एसएचओ माती अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दोनों ट्रकों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद राजस्थान से आए परिजनों को शव सौंप दिया गया। सीओ संगम कुमार ने थाना प्रभारी को जांच के निर्देश दिए हैं।
वहीं, सफदरगंज के डमौरा गांव निवासी राजाराम रावत (60) छोटे भाई फूलचंद्र (45) के साथ बाइक से लखनऊ से घर लौट रहे थे। सोमवार को लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर शहर के निकट असेनी मोड़ पर बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। पीछे बैठे राजाराम सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें रौंदते हुए निकल गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फूलचंद्र को भी चोटें आई हैं। मौके से हेलमेट नहीं मिला। सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि राजाराम बीमार थे और लखनऊ से दवा लेकर लौट रहे थे। ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
सड़क हादसे में युवक घायल
सफेदाबाद। आलापुर निवासी अख्तर (35) मंगलवार को स्कूटी से बाराबंकी की ओर जा रहे थे। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर एलपीएस स्कूल के पास स्कूटी अनियंत्रित हो गई। अख्तर करीब आठ फीट तक सड़क पर रगड़ते चले गए। उनके सिर में चोट आई है। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। अख्तर ने हेलमेट नहीं पहना था। (संवाद)