बाराबंकी। जिले में फायर सेफ्टी मानकों और बेसमेंट में नियम विरुद्ध संचालित निजी चिकित्सालयों की जांच बुधवार को भी की गई। टास्क फोर्स ने अनियमितताएं पाए जाने पर बेसमेंट में संचालित दो अस्पताल और एक मेडिकल स्टोर सील कर दिया। वहीं चार निजी अस्पतालों को नोटिस देकर स्पष्टीकरण मांगा है।
नोडल अधिकारी चिकित्सा एवं पंजीकरण डॉ. लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में टीम जांच करने निकली। आपातकालीन निकास और फायर सेफ्टी उपकरण न होने के कारण श्री बालाजी अमृता हॉस्पिटल और अनन्या हॉस्पिटल को सील कर दिया गया। इसके अलावा सरस्वती मेडिकल स्टोर देवा में नियम विरुद्ध मरीजों का इलाज किए जाने पर उसके उपचार वाले हिस्से को भी सील कर दिया गया।
वहीं, नियमों की अनदेखी और कमियां पाए जाने पर देवा डायग्नोस्टिक एंड मेडिकल सेंटर, विधान पॉलीक्लिनिक, वियांश हॉस्पिटल और नेल्सन चिल्ड्रेन हॉस्पिटल को पांच दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने का नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान आसरा पॉलीक्लिनिक, बैसवार क्लीनिक, अंशिका लक्ष्य हॉस्पिटल और न्यू नैना पॉलीक्लिनिक बंद पाए गए। डाॅ. लव कुमार गुप्ता ने बताया कि मानकों से समझौता करने वाले अस्पतालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।