बाराबंकी। शहर के लखपेड़ाबाग मोहल्ले में रंजिश को लेकर रविवार रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के एक-एक युवक घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। घटना के दौरान फायरिंग होने की भी चर्चा रही, हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, लखपेड़ाबाग निवासी एक व्यक्ति के यहां रविवार रात जन्मदिन की पार्टी चल रही थी। इसमें अभिनव नाम का युवक भी पहुंचा था। वहां सुभाषनगर निवासी अखंड से उसका आमना-सामना हो गया। दोनों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा है। इसी रंजिश में दोनों पक्षों के युवक आमने-सामने आ गए और मारपीट शुरू हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पुरानी रंजिश है। कुछ दिन पहले इसी विवाद में एक पक्ष के युवक का रजिस्ट्री कार्यालय के सामने से अपहरण किए जाने का मामला भी सामने आया था। सीओ सिटी आफताब आलम ने बताया कि अखंड की ओर से घनश्याम सिंह और दूसरे पक्ष की ओर से राजेश प्रकाश ने तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।