रामनगर/मसौली (बाराबंकी)। रामनगर थाना क्षेत्र में ट्रेन से गिरकर जहां असम प्रांत के एक अधेड़ की मौत हो गई वहीं मसौली थाना क्षेत्र में रेल पटरी किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। पुलिस इसकी पहचान की कोशिशों में जुटी है।
रामनगर थाना क्षेत्र के दलसराय गांव के पास बाराबंकी-गोंडा रेल मार्ग पर बुधवार सुबह ग्रामीणों ने अधेड़ का शव देखा तो भीड़ लगने लगी। सूचना पाकर मौके पर आरपीएफ के साथ पुलिस भी पहुंची। अधेड़ के पास से मिले मोबाइल के सहारे उसकी शिनाख्त असम प्रांत के शिवपुर जिला निवासी दिलीप उर्फ कंजा (45) के रूप में हुई। आरपीएफ के इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि दिलीप तमिलनाडु में रहने वाले अपने पुत्र से मिलकर वापस जा रहा था।
इस दौरान रात में ही ट्रेन से गिर गया होगा। दूसरी घटना मसौली थाना क्षेत्र में हुई। बुधवार सुबह चौधरीपुरवा गांव के पास गोंडा रेल मार्ग पर करीब 28 वर्षीय युवक का शव पाया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए मगर सफलता नहीं मिली। मसौली के थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात होने के कारण शव को 72 घंटों के लिए पोस्टमार्टम हाउस में रखवाकर शिनाख्त के प्रयास में जुटी है। संवाद