जहांगीराबाद (बाराबंकी)। खाना खाने के बाद सड़क किनारे टहल रहे एक बुजुर्ग को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। जिससे एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बुजुर्ग की लखनऊ ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है।
यह हादसा जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के शहावपुर मार्ग पर बल्लीपुर मोड़ के पास हुआ। शहावपुर निवासी सुशील और शैलेंद्र बाइक से जा रहे थे। तभी खाना खाने के बाद सड़क किनारे टहल रहे ढोंभा निवासी रामशंकर को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सुशील की मौके पर मौत हो गई। जबकि बुजुर्ग रामशंकर को परिवारीजन उपचार के लिए लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ट्रेन के आगे कूदकर युवक ने दी जान
रामनगर (बाराबंकी)। केसरीपुर रेलवे फाटक के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिवारीजनों को घटना की सूचना दी है। इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज ने बताया कि मृतक की पहचान रायबरेली के देवानंद निवासी पवन सिंह उर्फ सोनू (35) के रूप में की गई है। वह अपने घर रायबरेली से अपनी ससुराल कुम्भरवा आया था। जिसका शव रेलवे क्रॉसिंग पर मिला।
मौके पर पहुंचे आरपीएफ दरोगा शिवशंकर यादव ने बताया कि जांच में पता चला कि मृतक का पत्नी से कुछ विवाद हुआ था जिससे नाराज होकर युवक गोंडा रेलमार्ग पर गोंडा की ओर जा रही मालगाड़ी के आगे कूदकर खुदकुशी कर ली। मृतक की शादी लगभग 10 साल पहले हुई थी जिसके दो बच्चे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।