बाराबंकी। डेंगू के दो नए मरीज पाए जाने के बाद जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़कर 40 हो गई है। इसके अलावा कई तेज बुखार की चपेट में हैं। जिले में तेज बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में तेज बुखार से पीड़ित करीब 335 मरीज देखे गए। वहीं डेंगू के मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने गांव पहुंच अन्य लोगों की जांच की और ब्लड का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।
देवा के नरैनी निवासी राजेश (35) कई दिनों से तेज बुखार से पीड़ित था। रविवार को परिजनों ने रैपिड कार्ड से जांच कराई तो डेंगू की पुष्टि हुई है। परिजनों ने इसकी सूचना सीएचसी अधीक्षक देवा डॉ. राधेश्याम गौंड को दी। अधीक्षक ने बताया कि जानकारी पर स्वास्थ्य टीम को गांव भेजा गया। युवक की एलाइजा जांच के लिए नमूना लिया गया है।
इसके अलावा रामसनेहीघाट चितई पुरवा निवासी सूरज (22) बुखार से पीड़ित था। परिजन सोमवार को उसे सीएचसी लाए जहां रैपिड कार्ड जांच में डेंगू की पुष्टि पर सीएचसी में भर्ती किया गया। वहीं सीएचसी सतरिख में 74 में से 26 लोगों की जांच की गई जिनमें छह मरीजों में टायफाइड की पुष्टि हुई।
सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1958 मरीज देखे गए। इनमें तेज बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या करीब 335 के आसपास रही। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि ओपीडी में तेज बुखार से पीड़ित मरीज सबसे ज्यादा आ रहे हैं। सभी को इलाज की सुविधा मिले, इसका पूरा प्रयास किया जाता है।
वहीं तेज बुखार के चलते सिपाही मुकेश कुमार, सुमन और राहुल को भर्ती किया गया है। सिद्धौर सीएचसी में बुखार से पीड़ित 42 व जैदपुर में 47 लोगों की जांच कराई गई परंतु कोई पॉजिटिव नहीं मिला।
डेंगू के सक्रिय मरीजों की संख्या 38
जिले में डेंगू को लेकर स्थिति पिछले साल की अपेक्षा ठीक है। जिले में डेंगू के सक्रिय मरीजों की संख्या 38 है, दो मरीज सोमवार को और पाए गए हैं जिनकी जांच के निर्देश वहां के अधीक्षकों को दिए गए हैं।
-डॉ. डीके श्रीवास्तव, एसीएमओ, नोडल