बाराबंकी। जिले में मंगलवार को आग लगने की चार अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया।
जैदपुर क्षेत्र के सेवकीपुरवा गांव में गैस सिलिंडर में रिसाव से रामदेव के घर में खाना बनाते समय आग लग गई। हादसे में उनके पुत्र आकाश (16) व पुत्री प्रिया (12) झुलस गए। आग पड़ोसी कंधाईलाल के घर तक फैल गई, जिससे लाखों का अनाज जल गया। ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। झुलसे बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूरतगंज ब्लॉक के दुर्गापुर नौबस्ता गांव में शरीफ अहमद के छप्परनुमा घर में अज्ञात कारणों से आग लगी। इसमें हजारों रुपये का घरेलू सामान जल गया। ग्रामीणों ने आग को फैलने से रोका।
शादी के लिए रखी रकम भी जली
घुंघटेर थाने के रकबा गांव में अनिल यादव का घर बिजली के ढीले तारों से निकली चिंगारी से जल गया। इस आग में करीब 40 क्विंटल भूसा, रजाई, गद्दे, बच्चों की किताबें और 40 हजार रुपये जल गए। यह रकम अनिल ने बहन की शादी के लिए बैंक से निकाली थी। इसके अलावा, पांच क्विंटल गेहूं, एक क्विंटल सरसों, आलू और चावल भी नष्ट हो गए। लेखपाल ने नुकसान की जांच कर रिपोर्ट तहसील भेजी है।
पराली जलाने से भड़की आग
सिरौलीगौसपुर तहसील के तासीपुर गांव में किसान राकेश यादव के खेत की पराली किसी ने जला दी। हवा के कारण आग पड़ोसी शिवाकांत, रघुवर और रमेश के खेतों तक फैल गई। इसमें उनके छप्पर, भूसा और छोटे पेड़-पौधे जलकर नष्ट हो गए। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट से पानी खेत तक पहुंचाकर आग बुझाई।