बाराबंकी। मसौली क्षेत्र में शुक्रवार रात शिक्षिका की हत्या कर शव को नहर में फेंकने के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई है, जबकि दुष्कर्म की आशंका को लेकर मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार है। महिला का अंतिम संस्कार कर दिया गया, हालांकि इसमें उसका पति और बेटा शामिल नहीं हुए।
पुलिस के मुताबिक पति से संबंध विच्छेद के बाद पीड़िता 18 साल से अपने मायके में रह रही थी। शुक्रवार देर शाम वह लापता हो गई थी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने शक पर एक युवक विपेंद्र को पकड़कर पूछताछ की तो पूरी वारदात सामने आई। पता चला कि घटना का मुख्य आरोपी जहांगीराबाद क्षेत्र के अतिका गांव का राजू है। देर रात पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने के बाद राजू को गिरफ्तार किया गया और जिला अस्पताल में इलाज कराने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
उधर, डॉक्टरों के पैनल के पोस्टमार्टम में स्पष्ट हुआ कि शिक्षिका की हत्या गला दबाकर की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राजू और विपेंद्र एक ही व्यक्ति के यहां काम करते थे। शुक्रवार को शिक्षिका राजू की बाइक पर बैठकर सुनसान स्थान पर पहुंची, तभी वहां विपेंद्र भी आ गया। किसी बात को लेकर विवाद हुआ और दोनों ने मिलकर शिक्षिका की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया। मसौली थाना प्रभारी अमित प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है। अभी तक सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई है, इस पहलू की जांच मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद होगी।