बाराबंकी। रामनगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर एक ट्रक चालक की पिटाई कर लूट की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने बहाने से ट्रक रुकवाकर चालक को पीटा और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस घटना को संदिग्ध बता रही है।
ग्रामीणों के अनुसार लोहटी पसई मजरे लोहटी निवासी सतीश कुमार शुक्ला ट्रक लेकर घर आ रहे थे। जैसे ही वह कुम्हारवा गांव के पास पहुंचे, तभी कुछ बदमाशों ने इशारा कर ट्रक रुकवाया। ट्रक रुकते ही बदमाशों ने चालक सतीश को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इसके बाद आरोपियों ने सतीश के पास रखे करीब 11 हजार रुपये लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल चालक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज जारी है। उधर पुलिस ने देर शाम तक बाराबंकी बहराइच हाईवे और आसपास की सड़कों पर नाकेबंदी करके जांच की। रामनगर के कोतवाल अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पूछताछ में घटना संबंधित लग रही है पुलिस मामले की जांच कर रही है।