लखनऊ से परिवार के साथ देवरिया जा रहे अपर जिला जज की गाड़ी में एक ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। हालांकि डिवाइडर होने के चलते कार पलटते-पलटते बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एडीजे की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थाना जैदपुर के अहमदपुर टोल प्लाजा पर दोपहर लगभग 12 बजे देवरिया के एडीजे त्रिलोकपाल सिंह की गाड़ी में ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। जिसके कारण जज की गाड़ी एक ओर से क्षतिग्रस्त हो गई। मौके पर पहुंची डॉयल 100 की टीम ने घटना की सूचना थाना जैदपुर को दी।
त्रिलोकपाल सिंह ने बताया कि वह देवरिया के एडीजे हैं और लखनऊ किसी काम से गए थे। जहां से वह परिवार के साथ वापस लौट रहे थे कि टोल प्लाजा पर अनियंत्रित ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी डिवाइडर से टकराकर पलटने से बच गई।
घटना करने वाले ट्रक चालक रिषी यादव ने बताया कि हरियाणा से ड्रम लेकर वह बिहार को जा रहा था कि टोल प्जाला के पास जल्दी निकलने के चक्कर में सामने वाली गाड़ी के चालक ने अचानक लेन बदल दी। जिससे यह हादसा हो गया।
दोनों पक्षों के बीच समझौता को लेकर घंटो कसरत चलती रही। परंतु एडीजे के मनमाफिक जुर्माना न दे पाने के कारण ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। चौकी प्रभारी दिनेश यादव ने बताया कि एडीजे की गाड़ी को ट्रक ने साइड से टक्कर मारी थी। ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।