बाराबंकी। होली के त्योहार के बीच जिले के विभिन्न क्षेत्रों में हुई सड़क दुर्घटनाओंं में नौ लोगों की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर घायल हैं। इसे लेकर जिला अस्पताल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक परिजनों की चीत्कार के साथ कोहराम मचा रहा। बीते 72 घंटे में सड़क हादसों के बाद इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे वालों का सिलसिला देर रात तक कायम बना रहा।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर भिटरिया हैदरगढ़ मार्ग पर दयारामपुरवा गांव के पास हुई आमने-सामने की भिड़ंत में दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में चंदौली निवासी गोविंद विश्वकर्मा (30) की मौकेे पर मौत हो गई। घायल सोनू (32), धर्मेंद्र (18), रंजीत (32) व चंदौली निवासी शिवमगन (28) को जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान बेलहा चौराहा निवासी रंजीत व मरखापुर निवासी सोनू की भी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार दोनों ही बाइक पर सवार लोग घटना के समय हेलमेट नहीं लगाए थे।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में भिटरिया-दरियाबाद मार्ग पर रविवार देर शाम गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली बगल से गुजरी बाइक पर पलट गई। इसमें गोडि़यन पुरवा मजरे असेना निवासी कुलदीप कुमार निषाद (18) व राकेश निषाद (22) घायल हो गए। दोनों को सीएचसी रामसनेहीघाट पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान कुलदीप की मौत हो गई। जबकि दूसरे घायल राकेश ने जिला अस्पताल पहुंचकर दम तोड़ा।
रविवार की शाम कस्बा हैदरगढ़ के मोहल्ला भटखेरा के नकछेद (65) साइकिल से सब्जी लेकर घर वापस लौट रहा था। सुबेहा रोड पर तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी हैदरगढ़ से लखनऊ के केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया लेकिन एम्बुलेंस में ही कान से तेजी से खून निकलने के बाद उसकी मौत हो गई। जबकि रविवार रात साढ़े आठ बजे सफदरगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर बघौरा गांव के पास डीजल खरीदने के लिए पैदल निकले बरियारपुर गांव निवासी बाबूलाल (60) को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। हाईवे पर तुलसीपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से प्यारेपुर गांव निवासी शिवकला व इनके बहनोई उमरापुर रामसनेहीघाट निवासी राजू गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के कस्बा बेलहरा निवासी शकील (35) को कस्बे में ई रिक्शा ने टक्कर मार कर घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए केजीएमयू भेजा गया जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई।
इसी तरह बहराइच जिले के पखरपुर थाना क्षेत्र के डफरापुर निवासी राजेश मिश्रा अपनी पत्नी ललिता व बेटी मानवी मिश्रा (12) के साथ मंगलवार सुबह रामनगर थाना क्षेत्र के मढ़ना निवासी अपने बहनोई अवनीश अवस्थी के यहां होली मिलने आए थे। शाम करीब छह वापस बहराइच जाते समय चौकाघाट मोड़ के पास हाइवे क्रॉस करते समय बाराबंकी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार वैन ने बच्ची को टक्कर मार दी। अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में रघई गांव के पास सोमवार देर रात में बंद रेलवे क्रॉसिंग को पार करने में बरती गई लापरवाही युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। वह बाइक के साथ बंद रेलवे क्रॉसिंग से गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रेन आ जाने से युवक बाइक समेत उसकी चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। शहर के मोहल्ला पीरबटावन निवासी रसीद (30) सिलाई का काम करता था। उसके परिवार में दो पुत्रियों के साथ एक पुत्र है।
लहूलुहान हालत में मिला युवक
बाराबंकी। शहर के पटेल तिराहे के पास एक युवक लहूलुहान हालत में मिला। युवक की पहचान रामसनेही घाट के सादुल्कुलापुर निवासी मोहित कुमार के रूप में हुई। शहर कोतवाल अजय त्रिपाठी ने बताया कि युवक हादसे का शिकार हुआ है। वह लखनऊ के किसी पेट्रोल पंप पर काम करता है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संवाद