बाराबंकी। फतेहपुर क्षेत्र में एक गर्भवती को पति द्वारा फोन पर तलाक दिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर एसपी के आदेश के बाद कोतवाली फतेहपुर में मंगलवार को पति के खिलाफ केस दर्ज किया गया। महिला का आरोप है कि उसे तलाक देने के बाद पति ने दूसरा निकाह कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक फतेहपुर शमशेर बहादुर सिंह के मुताबिक ग्राम करंधा निवासी तहसीन बानो का निकाह सीतापुर के रामपुर मथुरा थानान्तर्गत ग्राम गोरा देवरिया निवासी मेराज अहमद के साथ पांच वर्ष पूर्व हुआ था। तहसीन का आरोप है कि पति मेराज अहमद ने दहेज में तीन लाख रुपये न मिलने के चलते 26 जुलाई को घर से निकाल दिया था। दो अगस्त की देर रात मेराज अहमद ने फोन पर ही तहनीन को तलाक दे दिया। तीन अगस्त को उसने जहांगीराबाद क्षेत्र की एक युवती से दूसरा निकाह रचा लिया।
इस मामले में सुनवाई के लिए चार अगस्त को तहसीन परिवारीजनों के साथ परिवार परामर्श केंद्र पर पहुंची लेकिन उसका पति नहीं आया। इसके बाद तहसीन ने मां के साथ पांच अगस्त को एसपी से मिलकर शिकायत की। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने पीड़िता के पति मेराज अहमद के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न एवं अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।