बाराबंकी। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत रविवार को हर घर तिरंगा अभियान शुरू होगा। इसको लेकर गांवों में घर-घर तिरंगा पहुंचाने का शनिवार को अभियान चलाया गया।
डीडीओ भूषण कुमार ने बताया कि शासन की ओर से 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इसके लिए अलग-अलग विभागों के सहयोग से 4.36 लाख झंडों का वितरण किया जा रहा है। हर ग्राम पंचायत स्तर पर झंडे बांटे गए। साथ ही लोगों को झंडा फहराने का तरीका व 15 अगस्त के बाद उसे उतारकर सुरक्षित रखने का भी संदेश दिया गया।
वहीं सोमवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन शहर स्थित नगर पालिका के टाउन हाल में किया जाएगा, इसमें विभाजन की विभीषिका पर विविध आयोजन होंगे। कार्यक्रम में जिले के सभी जनप्रतिनिधि व अधिकारी भी शामिल होंगे। मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कलेक्ट्रेट परिसर में झंडारोहण किया जाएगा। फिर डीएम अविनाश कुमार व अन्य अधिकारियों-जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सीएम योगी आदित्यनाथ का संबोधन सुना जाएगा और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा।