बाराबंकी। बाराबंकी और अयोध्या को जोड़ने वाली 53 किलोमीटर लंबी सड़क जल्द ही नए रूप में नजर आएगी। रामनगर से टिकैतनगर होते हुए अयोध्या के भेलसर चौराहे तक जाने वाले इस महत्वपूर्ण मार्ग को अब दस मीटर चौड़ा किया जाएगा। शासन ने इस परियोजना के लिए 96 करोड़ रुपये की वित्तीय मंजूरी दे दी है। यह प्रस्ताव राज्य मंत्री सतीश चंद्र शर्मा की पहल पर स्वीकृत हुआ है।
सरकारी दस्तावेजों में राजमार्ग-127 के नाम से दर्ज यह मार्ग बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे से शुरू होकर अयोध्या जिले के भेलसर चौराहे पर लखनऊ-अयोध्या हाईवे से जुड़ता है। वर्तमान में इस सड़क से प्रतिदिन 35 से 40 हजार वाहन गुजरते हैं, लेकिन सड़क संकरी होने और अतिक्रमण के कारण यात्रियों को जाम व हादसों का सामना करना पड़ता है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक चौधरी के अनुसार रामनगर से भेलसर तक के इस पूरे मार्ग को आधुनिक तकनीक से बनाया जाएगा और सड़क के दोनों ओर पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ भी विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के करीब आठ सौ गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, सीतापुर और बाराबंकी से अयोध्या जाने वाले यात्रियों का सफर सुगम होगा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
चार धार्मिक स्थलों का सफर भी होगा आसान
राजमार्ग-127 के चौड़ीकरण से श्रद्धालुओं की राह सुगम होगी। इस सड़क के किनारे जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महादेवा तीर्थ, कोटवाधाम, पारिजात वृक्ष और किंतूर का कुंतेश्वर महादेव मंदिर स्थित हैं। मार्ग के सुधरने से इन तीर्थ स्थलों के साथ-साथ अयोध्या धाम तक का सफर भी पहले से काफी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।
- सतीश चंद्र शर्मा, राज्यमंत्री