दरियाबाद (बाराबंकी)। रेलवे के दोहरीकरण लाइन का कार्य भले ही पूरा हो गया हो, लेकिन स्टेशन पर अभी कार्य अधूरा है। प्लेटफार्म न बन पाने के कारण लखनऊ की ओर जाने वालीं ट्रेनों का ठहराव दरियाबाद में अभी और दो दिनों तक नहीं होगा।
अयोध्या लखनऊ रेलखंड पर स्थित तीन रेलवे स्टेशनों सफदरगंज-सैदखानपुर-दरियाबाद और पटरंगा के मध्य रेलवे लाइन के दोहरीकरण का निरीक्षण विगत बुधवार को रेलवे के अफसरों ने किया था। निरीक्षण के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी तो मिल गई, लेकिन सैदखानपुर और दरियाबाद में प्लेटफार्म का कार्य अधूरा होने के कारण यहां रुकने वालीं ट्रेनों के स्टॉपेज में बदलाव कर दिया गया था। पिछले सात दिनों से लखनऊ की तरफ जाने वालीं नौ ट्रेनों का ठहराव पटरंगा स्टेशन पर था।
दरियाबाद में प्लेटफार्म नंबर दो पर अधूरे पड़े कार्यों को पूरा किया जा रहा है। जिसके कारण यहां लखनऊ की ओर जाने वालीं ट्रेन उत्सर्ग एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट लखनऊ मेमू, जम्मूतवी एक्सप्रेस, गंगा सतलज एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, वाराणसी अहमदाबाद एक्सप्रेस का ठहराव बदलकर पटरंगा कर दिया गया था। प्लेटफार्म का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में दो फरवरी तक ट्रेनों का ठहराव पटरंगा में बढ़ाया गया है। स्टेशन अधीक्षक दरियाबाद वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि लखनऊ जाने वालीं जितनी ट्रेनों का ठहराव दरियाबाद में था, उनको पिछले सात दिनों से पटरंगा स्टेशन पर रोका जा रहा था। अभी अगले दो दिनों तक सभी ट्रेनें पटरंगा स्टेशन पर ही रुकेंगी।