बाराबंकी। मंगलवार सुबह देवा रोड पर भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के गोदाम तक असमय पहुंची एक मालगाड़ी के कारण इलाके की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो गई। सुबह 9:30 बजे से लेकर लगभग 11:30 बजे तक तक काफी संख्या में दो पहिया, चार पहिया व पैदल राहगीरों ने घंटों लगे जाम में फंस कर भारी परेशानी झेली। इस दौरान करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क पर वाहन रेंग तक नहीं सके।
ओवरब्रिज पर भी जगह खाली नहीं बची। सबसे ज्यादा परेशानी तेज धूप में स्कूली वाहनों में सवार बच्चों, अस्पताल जा रहे मरीजों व बाइक सवारों को हुई। शहर से देवा जाने वाली रोड पर दो रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज बना हुआ है। ओवरब्रिज खत्म होते ही, भारतीय खाद्य निगम के गोदाम तक पहुंचने वाली एक और रेलवे लाइन पड़ती है। इसी लाइन से मालगाड़ी सीधे अनाज गोदाम तक जाती है। आमतौर पर इस ट्रैक पर मालवाहक ट्रेन का संचालन रात के समय होता है, लेकिन मंगलवार सुबह ही ट्रेन पहुंच गई।
क्रॉसिंग पर फाटक न होने के कारण ट्रेन धीरे-धीरे गुजरते हुए गोदाम तक पहुंची। इससे पूरे रूट पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार बढ़ती चली गईं। इसके चलते चंद मिनटों में ही देवा रोड पर यातायात थम गया और वाहनों की कतार ओवरब्रिज तक पहुंच गई। करीब दो घंटे तक सड़क पर फंसे लोग धूप और उमस में बेहाल हो उठे। बाइक सवार जगह-जगह खड़े होकर माथा पोंछते नजर आए। ऑटो और कारों में बैठे स्कूली बच्चे भी सीट पर बेचैन दिखे। जाम के कारण उन्हें स्कूल पहुंचने में भी देरी हो गई।
जाम में फंसे मरीज भी अस्पताल पहुंचने को लेकर परेशान दिखे। जीतनगर में रहने वाले बादल तिवारी ने बताया कि अस्पताल जा रहे थे लेकिन करीब एक घंटे से जाम में फंस कर परेशान होना पड़ रहा है। वहीं, ड्यूटी पर निकलने वाले कर्मचारी और सरकारी दफ्तरों के कर्मचारी भी जाम में फंसने के कारण समय पर आफिस न पहुंच पाने की चिंता से परेशान दिखे।
दिन में मालगाड़ी न आने के लिए लिखा जाएगा पत्र
भीषण जाम की सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस को भी जाम हटवाने में कड़ी मशक्कत करना पड़ी। यातायात प्रभारी रामजतन यादव ने बताया कि भविष्य में इस तरह की परेशानी लोगों को न उठाना पड़े, इसके लिए रेलवे प्रशासन को पत्र लिखकर मांग की जाएगी कि एफसीआई के गोदाम में मालवाहक गाड़ी को सिर्फ रात में ही भेजा जाए।