बाराबंकी। रामनगर-टिकैतनगर मार्ग ट्रक फंसने से गुरुवार रात पांच घंटे वाहनों का आवागमन बाधित रहा। इससे रोड पर वाहनों की लाइनें लग गईं। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने मशक्कत कर शुकवार सुबह आवागमन बहाल कराया। जाम के चलते दोनों ओर करीब दो किलोमीटर तक रुके वाहन निकल सके।
लोक निर्माण विभाग ने रामनगर-टिकैतनगर मार्ग को ऊंचा करने के लिए खुदाई कराई थी। इसके बाद सड़क को ऊंचा कर उस पर डामर डालकर दुरुस्त किया गया। निर्माण को एक वर्ष बाद भी सड़क की दोनों ओर की पटरियों की भराई नहीं कराई गई। सड़क से आठ इंच तक पटरी होने के कारण भारी वाहन नीचे उतारने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाते। महाशिवरात्रि पर महादेवा में कांवरियों की भीड़ को लेकर मार्ग डायवर्जन किया गया। इसका खामियाजा भारी वाहन चालकों को मरकामऊ चौराहे से लेकर बदोसराय तक झेलना पड़ा। गुरुवार रात मरकामऊ बाजार के पास एक ट्रक पटरी पर उतरने से फंस गया। इसके चलते आवागमन बाधित हो गया। रात में दोनों ओर दो-दो किलोमीटर तक वाहनों की लाइनें लग गईं। सूचना मिलने पर पहुंची बदोसराय पुलिस ने पांच घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह जाम हटवाया। इसके बाद वाहन वहां से गुजर सके।