हैदरगढ़ कोतवाली के सुबेहा मार्ग से चीनी मिल को गन्ना लेकर जा रहे किसान की ट्रॉली की चपेट में आकर कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। ट्रॉली से गन्ना निकाले जाने पर मना करने के लिए चलते ट्रैक्टर से नीचे उतरा था। कोतवाली पुलिस ने गन्ना लदे ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
शनिवार को अमेठी के थाना शुकुलबाजार के पूरे निरंजन मजरे शमशादपुर निवासी विनय शंकर पूरे दक्खिन गांव के समर बहादुर सिंह की ट्रैक्टर ट्रॉली पर गन्ना लाद कर हैदरगढ़ चीनी मिल जा रहा था। शाम को सुबेहा मार्ग पर नरौली गांव के समीप कुछ बच्चों के ट्रॉली के पीछे से गन्ना खींचने पर चलते ट्रैक्टर से नीचे उतर कर मना करने लगा।
इसी दौरान विनय शंकर चलते ट्रैक्टर की चपेट में आकर नीचे गिर गया और ट्रैक्टर चालक जब तक कुछ समझता, गन्ना लदी ट्रॉली विनय शंकर के ऊपर से निकल गई। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया है। कोतवाल चंद्रशेखर सिंह ने कहा घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन किसान की मौत हो गई थी।