बेलहरा (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र में एक दबंग युवक द्वारा छेड़छाड़ व धमकी से आहत छात्रा से जहर खाकर जान दे दी। इलाज के दौरान छात्रा ने बुधवार को लखनऊ के लोहिया अस्पताल में दम तोड़ा। पुलिस ने पिता की तहरीर पर छेड़छाड़ का केस दर्ज किया था। इसे आत्महत्या के लिए उसकाने में तरमीम किया जाएगा। गांव में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल भी तैनात है।
मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय किशोरी ने इस साल ही कक्षा सात की परीक्षा उत्तीर्ण की थी। परिजनों के अनुुुुसार, बीते दो अप्रैल की शाम करीब पांच बजे छात्रा गांव के बाहर गई थी। इस दौरान वहां गांव का ही युवक सलमान आ धमका। उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ शुरु कर दी। विरोध करने पर युवक ने छात्रा के गले में फंदा लगाकर धमकी देते हुए जान से मारने की कोशिश करने लगा। इसी बीच शोरगुल सुनकर छात्रा की मां मौके पर पहुंच गई। इस पर युवक भाग खड़ा हुआ। किशोरी इस घटना से काफी आहत थी। सोमवार को उसने घर पर ही जहर खा लिया। परिजन उसे निजी चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। हालत में सुधार न होने पर मंगलवार को छात्रा को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से उसे लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। मंगलवार शाम की पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ छेड़छाड़ व पाॅक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। लेकिन बुधवार भोर छात्रा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। छात्रा की मौत की खबर गांव पहुंची तो तनाव फैल गया। सुबह करीब 10 बजे ही आनन-फानन भारी पुलिस बल गांव पहुंच गया। मोहम्मदपुर खाला के एसएचअओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि केस को आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में तरमीम किया जा रहा है। गांव में पुलिस तैनात है।