बाराबंकी। जैदपुर व फतेहपुर इलाकों में घरेलू कलह व बीमारी से तंग आकर दो युवकों के साथ ही तीन लोगों ने जान दे दी। इनके शव फंदों से लटके मिले। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने तीनों को आत्महत्या बता रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों युवकों की मौत के मामले में घरेलू कलह व तीसरे में बीमारी सामने आई है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर तय होगी। घटना से तीनों ही परिवार के लोग बदहवास हैं।
जैदपुर के रतरौली खुशीरामपुरवा निवासी दिलीप रावत (24) का शव बुधवार सुबह पत्नी सुनीता देवी ने घर के अंदर कमरे में फंदे से लटकता देखा। चीख पुकार सुनकर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस को बताया कि अक्सर पति पत्नी में घरेलू बातों को लेकर विवाद होता था। वहीं जैदपुर के ही बीबीपुर गांव के मुकुट बिहारी (45) का शव बुधवार को घर के अंदर छत में लगे कड़े में फंदे से लटकता मिला। मृतक के पुत्र सुधांशु वर्मा ने बताया कि पिता मानसिक रूप से बीमार थे। उनका इलाज भी चल रहा था। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में परिजनों की तरफ से किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है।
उधर, फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के इसेपुर गांव निवासी सोनू (18) का मंगलवार रात नौ बजे परिजनों के साथ विवाद हो गया था। जिसके बाद वह छत पर सोने चला गया। थोड़ी देर बाद जब उसकी बहन खाना खाने के लिए सोनू को बुलाने छत पर गई तो उसने टिनशेड में लगी लोहे की राड में दुप्पटे से बने फंदे से सोनू का शव लटकता देखा। कोतवाल संजीत सोनकर ने बताया कि परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।