बाराबंकी। जिला महिला व पुरुष अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को मरीजों की काफी भीड़ रही। इस कारण टोकन लेने से लेकर पर्चा बनवाने को लेकर ठंड में भी मरीजों के पसीने छूट गए। किसी तरह से पर्चा बन जाने पर ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने और फिर दवा लेने में ही चार से पांच घंटे बीत गए। ऐसे में डॉक्टर द्वारा लिखी गई जांच कराने का नंबर आया तो बताया गया कि अब समय खत्म हो गया है, अगले दिन आना। इससे कई मरीजों को बिना जांच कराए ही हताश होकर वापस लौटना पड़ा।
सोमवार को जिला महिला अस्पताल की ओपीड़ी में चिकित्सक कक्ष के बाहर महिला मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। मसौली ब्लॉक की मेड़िया गांव निवासी अनीता ने बताया कि वह सुबह साढ़े आठ बजे आई थीं। हर जगह लगी कतार के कारण पर्चा बनवाने, खून की जांच करवा कर बीपी चेक कराने व दवा लेने के बाद जब जांच के लिए अल्ट्रासाउंड कक्ष पहुंची तो कहा गया कि जांच का समय खत्म हो गया है अब कल आना। शहर स्थित काशीराम कॉलोनी की बुजुर्ग किस्मतुल का भी दोपहर 12 बजे तक अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका। बताया गया समय खत्म हो गया है। सीएमएस डॉ. प्रदीप ने बताया कि सभी मरीजों को इलाज और जांच की सुविधा मिले इसका पूरा प्रयास रहता है।
जिला अस्पताल में भी रही अफरा-तफरी
जिला अस्पताल की ओपीड़ी में भी सोमवार को इलाज के लिए अफरा-तफरी रही। अस्थि रोग, फिजीशियन व त्वचा रोग कक्ष के बाहर मरीजों की लंबी लाइन रही। इलाज के लिए लाइन में लगे रामफेर, गिरधारी, सविता ने बताया कि पर्चा बनवाने से लेकर डॉक्टर को दिखाने में ही चार से पांच घंटे लग गए। ऐसे में जब जांच कराने पहुंचे तो बताया गया कि अब समय निकल गया है अगले दिन आना।
मौसम में उतार चढ़ाव के चलते इस समय बुखार, खांसी, पेटदर्द, जोड़ दर्द के सबसे अधिक मरीज रहें हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को इलाज और जांच की सुविधा मिले इसका पूरा प्रयास किया जाता है।