बाराबंकी जिला महिला अस्पताल स्थित पैथोलॉजी। -संवाद
बाराबंकी। जिला महिला अस्पताल में बनी हाईटेक पैथोलॉजी लैब से मरीजों को बड़ी राहत मिल रही है। खासकर महिला मरीजों को अब किसी भी प्रकार की जांच के लिए लखनऊ जाने की जरूरत नहीं है, सभी प्रकार की जांच की सुविधा यहां से ही मिल जाएगी।
जिला महिला अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 400 से ज्यादा प्रसव पीड़िताएं आती हैं और प्रतिदिन कम से कम 20-25 प्रसव होते हैं। सुरक्षित प्रसव को लेकर कई प्रकार की जांचें करानी पड़ती हैं लेकिन अब सभी प्रकार की जांचें यहां बनी आधुनिक पैथोलॉजी में हो सकेंगी।
सीएमएस डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल के छठें तल पर आधुनिक लैब संचालित है। लैब में हाईटेक मशीनें लगाई गई हैं। इनसे सभी प्रकार की जांचों के साथ ही थायरायड, विटामिन बी 12, गर्भाशय, पीसीओडी, एचआईवी, हेपेटाइटिस ए, बी, सी और वायरल लोड, वायरल मार्कर की एलाइजा जांचें हाेंगी।
इसके लिए हजारों रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं होगी बल्कि ये सभी जांचे सिर्फ एक रुपये के पर्चे पर कराई जा सकेंगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा पैथालॉजी को अभी और हाईटेक बनाया जाएगा इसके लिए प्रयास चल रहे हैं। कई और मशीनों को लगाने की प्रक्रिया चल रही है जिससे सभी प्रकार की जांचों की सुविधा यहां से मिल सके।