केंद्र में मोदी व प्रदेश में योगी सरकार भले ही तीन तलाक रोकने के लिए कड़े कदम उठा रही हो, पर तलाक देने वालों ने नया तरीका ढूंढ लिया है। पत्नी के नाम घर की रजिस्ट्री कराने के बहाने उससे तलाकनामे पर अंगूठा लगवाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी युवक ने दूसरी शादी करने के बाद तलाक का नोटिस भेजा तो पीड़िता के पांव तले जमीन खिसक गई। पीड़िता ने जहांगीराबाद थाने में तहरीर देकर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
जहांगीराबाद थानाक्षेत्र के ग्राम बनवा निवासी जन्नतुल (26) पुत्री सजन्नुल की शादी चार साल पूर्व मसौली के कटरा मोहल्ला निवासी अली मोहम्मद के साथ हुई थी। शादी के दो साल बाद उसने एक पुत्री को जन्म दिया और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।
उसके बाद उसे कोई संतान नहीं हुई। इससे उसका पति नाराज रहने लगा। पीड़िता का आरोप है कि वह उसे दिसंबर 2016 में रजिस्ट्री कार्यालय ले गया और कहा कि उसकी दादी का घर उसके नाम रजिस्ट्री करा रहा है। पीड़िता के पति ने घर के कागजात बता उससे तलाकनामे पर अंगूठा लगवा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि वह उसे मायके भेज आया और दो-चार दिन बाद बुला ले जाने को कहा। उसके कुछ दिन बाद पीड़िता ने बुला ले जाने को कहा तो वह बहाने बनाने लगा। बीती दो जनवरी को युवक ने दूसरी शादी सफदरगंज थानाक्षेत्र के ग्राम चंदवारा निवासी एक युवती से कर ली।
जानकारी पर पीड़िता ने इसका विरोध जताया तो वह जान से मारने की धमकी देने लगा। फरवरी में उसके पति ने तलाक का नोटिस भेज दिया। नोटिस मिलते ही परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। पीड़िता ने इस संबंध में मंगलवार को जहांगीराबाद थाने में तहरीर देकर पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।