सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को एक कार ने रौंद दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया जहां पर एक युवक की मौत हो गई है। हादसा करने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है जबकि उसका चालक भाग गया है।
कुर्सी थानाक्षेत्र में लखनऊ-महमूदाबाद मार्ग पर बसारा गांव के पास यहां के ही रहने वाले दुर्गेश व रामचंदर व मुनीमपुर गांव के 22 वर्षीय प्रदीप मंगलवार की रात सड़क किनारे खड़े आपस में बात कर रहे थे तभी एक कार सवार ने इन तीनों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों ने एंबुलेंस से तीनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां पर प्रदीप की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवकों की हालत गंभीर बनी
हुई है।
हादसा करने वाली कार को पुलिस ने कब्जे में लिया है जबकि उसका चालक मौके से भाग निकला है। एसओ बृजेश पांडेय का कहना है कि अनियंत्रित कार की टक्कर से यह हादसा हुआ है। कहा कि कार चालक का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी। मृत युवक के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।