बाराबंकी। लखनऊ से अयोध्या की ओर जा रहे तीन ट्रक बुधवार सुबह कल्याणी नदी के पास आपस में भिड़ गए। हादसे में दो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला मुख्यालय रेफर किया गया है।
बिजली के ट्रांसफार्मर लेकर जा रहे ट्रक ने बुधवार सुबह कल्याणी नदी के पास अचानक ब्रेक मार दिया। इससे इस ट्रक के पीछे आ रहे अन्य ट्रक की उससे जोरदार भिड़ंत हो गई। इसी के साथ उसके पीछे आ रहा ट्रक भी टकरा गया। तीनों ट्रकों के टकराने से पीछे वाले दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रामसनेहीघाट सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक हादसे में घायल ट्रक चालक बिहार के बेगूसराय निवासी रामआसरे पुत्र रामराज तथा फतेहपुर जनपद के अटरिया निवासी राजू पुत्र रामसिंह हैं।
उधर, हादसे के चलते लखनऊ से अयोध्या जाने वाले मार्ग पर करीब दो घंटे तक वाहनों का आवागमन बाधित रहा। पुलिस ने किसी तरह वाहनों का आवागमन सुचारु कराया।