रामनगर (बाराबंकी)। कोतवाली क्षेत्र रामनगर में शनिवार देर शाम देवली गांव के पास स्थित दुकानों में सीओ, खाद्य सुरक्षा व आबकारी विभाग की टीम ने छापा मारकर करीब तीन हजार लीटर संदिग्ध ऑयल बरामद किया। रात करीब 10 बजे सैंपल भर कर जांच के लिए भेज दिए गए। सीओ रामनगर सौरभ श्रीवास्तव के अनुसार बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर देवली गांव के पास स्थित एक दुकान में दो शटर लगे थे जिसमें संदिग्ध ऑयल का अवैध कारोबार करने की सूचना मिली थी। शनिवार शाम दल-बल के साथ छापा मारा गया। दोनों दुकानों से 23 ड्रम बरामद हुए। 15 ड्रमों में करीब तीन हजार लीटर संदिग्ध ऑयल था। संदिग्ध ऑयल की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस दुकान मालिक से पूछताछ कर रही है।