बाराबंकी। थाना क्षेत्र टिकैतनगर में मछली पकड़ने गए दो सगे भाइयों समेत तीन किशोर सरयू नदी से जुड़े नाले में डूब गए। रविवार सुबह नदी किनारे नाले में तीनों के शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के बेलखरा गांव निवासी सलाउद्दीन का 14 वर्षीय पुत्र कुतुबुद्दीन व 12 वर्षीय पुत्र साजुद्दीन गांव के ही साथी 16 वर्षीय कासिम के साथ शनिवार की शाम करीब चार बजे सरयू नदी से जुड़े बहवा नाले में मछली पकड़ने गए थे। देर शाम तक तीनों के वापस घर न लौटने पर परिजनों ने काफी तलाश की लेकिन किसी का भी सुराग नहीं लगा।
देर शाम परिजनों ने टिकैतनगर थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने भी रात में तीनों किशोरों की खोजबीन की मगर पता नहीं चला। रविवार सुबह ग्रामीणों ने नाले के किनारे चप्पलें पड़ी देखीं। उन्होंने इसकी सूचना तत्काल किशोरों के परिजनों व पुलिस को दी। कुछ ही देेर में मौके पर भीड़ लग गई। स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाले में तीनों किशोरों की तलाश शुरू की गई। कुछ देर बाद ही तीनों के शव मिल गए।
परिजनों ने पहले तो पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया लेकिन बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर मान गए। एसडीएम विजय कुमार त्रिवेदी भी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। प्रथम दृष्टया तीनों की मौत डूबने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही कारण स्पष्ट होगा।
टिकैतनगर (बाराबंकी)। किशोरों के शव मिलने पर पुलिस व ग्रामीण सहज अंदाजा लगा रहे थे कि तीनों एक-दूसरे को बचाने के चक्कर में एक साथ डूब गए। शव आपस में लिपटे हुए थे। जिसने भी शव देखे, उसकी आंखें नम हो गईं। पुलिस ने नाले में करीब एक घंटा तक मशक्कत की तब जाकर तीनों शव मिल पाए थे।