बाराबंकी। हूटर लगी लग्जरी कार से चेकिंग के नाम पर हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को रविवार को दबोच लिया। इस गिरोह ने सफदरगंज व लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने इनके पास से साढ़े 21 हजार रुपये व दो तमंचे भी बरामद किए। ये बदमाश नशे की पूर्ति व अपनी प्रेमिकाओं की मांग पूरी करने के लिए लूट करते थे।
स्वाट, सर्विलांस व सफदरगंज थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने डिजिटल डाटा की मदद से बस्ती जिले के थाना पैकोलिया के मुकुंदपुर गांव निवासी आदर्श सिंह उर्फ गोलू, रायबरेली जिले के पूरे पवारन का पुरवा थाना गदागंज निवासी अखंड प्रताप सिंह उर्फ राजू व बरतौली थाना बटबैन जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा) निवासी दीपक कुमार को मुश्कीनगर क्राॅसिंग के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए बदमाशों ने बताया कि गत छह अप्रैल को उन्होंने सफदरगंज क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर माल वाहन चालक व आठ अप्रैल को लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मंगलपुर के पास सब्जी व्यवसायी को लूटा था। ये चारों योजना के तहत लग्जरी कार में हूटर लगाकर भोर में सब्जी मंडी जाने वाले व्यापारियों, चालकों व किसानों को चेकिंग के नाम पर रोकते थे और तमंचे के बल पर लूट लेते थे। गिरफ्तारी के दौरान कार चलाने वाला चौथा बदमाश रुद्र प्रताप सिंह भाग गया। उसकी तलाश की जा रही है। सफदरगंज के एसएचओ ब्रजेश कुमार वर्मा ने बताया कि इनके द्वारा की गई अन्य वारदातों की पुलिस छानबीन कर रही है।
..........................
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती फिर बनाया गिरोह
पुलिस के अनुसार, आदर्श सिंह उर्फ गोलू गिरोह का सरगना है और लखनऊ के गोमतीनगर खरगापुर में एक होटल चलाता है। अखण्ड प्रताप सिंह, दीपक कुमार व रुद्र प्रताप सिंह उर्फ मोटू से इसकी दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। तीनों उसके होटल पर काम करते थे।