बाराबंकी। जिले में कोरोना का कहर जारी है, संक्रमण की चपेट में आकर खाद्य सुरक्षा अधिकारी समेत तीन की और मौत हो गई। इस तरह से जिले में अब तक 23 लोगों से कोरोना के मौत हो चुकी है। वहीं कइयों के संक्रमित पाए जाने के बाद जिला जज के आदेश पर मंगलवार को कचहरी को बंद करने का आदेश जारी किया गया है। वहीं देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 473 और पॉजिटिव पाए जाने के बाद सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है।
जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारी के पद पर तैनात एक अधिकारी की सोमवार की सुबह कोरोना से लखनऊ के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। पंचायत चुनाव में बतौर एआरओ इन्हें देवा ब्लॉक में तैनात किया गया था। परिवारीजनों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से वह बीमार चल रहे थे और जांच रिपोर्ट में कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उपचार के लिए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां पर मौत हो गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मूलत: उन्नाव जिले के रहने वाले थे और परिवार के साथ लखनऊ में रह रहे थे। वहीं हैदरगढ़ क्षेत्र के बरावां निवासी सिंचाई विभाग में तैनात सेवानिवृत्त अभियंता की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 17 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे जांच रिपोर्ट आने के बाद परिवारीजनों ने लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा विकास भवन रोड निवासी बुजुर्ग (67) की भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर मौत हो गई। इस तरह से जिले में अब तक 23 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। सूचना पर पहुंची चिकित्सकों की टीम ने कोविड प्रोटोकाल के तहत शव का अंतिम संस्कार करा दिया। वहीं देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 250 और कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद सभी को होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों की टीम को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
फतहाबाद में सबसे ज्यादा मौतें, नहीं हुआ सैनिटाइजेशन
शहर से सटे बड़ेल वार्ड के फतहाबाद में अब तक कोरोना व अन्य बीमारियों से सबसे ज्यादा लोगों की मौतें हुई हैं। सूत्रों के अनुसार यहां पर अभी भी कई लोग बीमार हैं और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती होकर अपना उपचार करा रहे हैं। लेकिन यहां सैनिटाइजेशन का कार्य आज तक नहीं कराया जा सका। यहीं हाल बड़ेल पुलिस चौकी के पीछे के मोहल्ले का है यहां पर अभी तक नगर पालिका की टीम सैनिटाइज करने नहीं पहुंची। इससे साफ है कि नगर पालिका प्रशासन शहर को सैनिटाइज कराने के लिए कितना गंभीर है।
जांच कराने को जुट रही भीड़
तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण से लोगों में दहशत का माहौल है। हल्का सा बुखार होने पर भी लोग कोरोना जांच कराने को पहुंच रहे हैं। सोमवार को भी सीएमओ कार्यालय के निकट लगे शिविर में कोरोना जांच कराने के लिए लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। यहां पर जांच कराने वालों की लंबी लाइन लगी थी।
कोरोना संक्रमण से एआरओ समेत दो की मौत की जानकारी है जांच के आदेश दिए गए हैं। देरशाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले में 250 और पॉजिटिव पाए गए हैं। जिन्हें होम आइसोलेट कराया गया है। संक्रमण तेजी से फैल रहा है इसलिए लोगों से बार-बार अपील की जाती है कि वह कोविड नियमों का पूरी तरह से पालन करें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें और मास्क जरूर पहनें तथा जो लोग पात्र हैं वह कोरोना वैक्सीन अवश्य लगवाएं। -डॉ. बीकेएस चौहान, सीएमओ