बाराबंकी। शहर के पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज प्रांगण में तीन दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का शुभारंभ बुधवार को डीआईओएस अमिता सिंह ने किया। पहले दिन ब्लॉक बंकी के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। छात्रों ने यूपी बोर्ड की ओर से अधिकृत मुद्रकों की कक्षा नौ से 12 तक की पाठ्य पुस्तकों की खरीदारी की।
इस अवसर पर डीआईओएस अमिता सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से आयोजित यह मेला विद्यार्थियों के लिए सुविधा और सुलभता का एक बेहतरीन प्रयास है। इससे अभिभावकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से मुक्ति मिली है और बाजार में नकली व अनधिकृत पुस्तकों की बिक्री पर भी प्रभावी रोक लगी है।
विद्यालय की प्रधानाचार्य नंदिता सिंह ने बताया कि मेले के दूसरे दिन 16 जुलाई को हरख, मसौली, देवा, फतेहपुर, निंदूरा, सूरतगंज व रामनगर ब्लॉक और अंतिम दिन 17 जुलाई को सिरौलीगौसपुर, पूरेडलई, दरियाबाद, बनीकोडर, सिद्धौर, त्रिवेदीगंज व हैदरगढ़ ब्लॉक के विद्यार्थी पुस्तकों का क्रय करेंगे।