कंट्रोल रूम में घुसे दो युवकों ने वहां पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को दो मिनट में कंट्रोल रूम बंद करा देने तथा बीएलओ को गोली मार देनेे की धमकी दे डाली। इससे कलक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। कंट्रोल रूम में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसकी सूचना जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी को दी है।
दरियाबाद क्षेत्र के बनगवां निवासी दो युवक जन कल्याण फाउंडेशन के लेटर पैड पर शिकायत लेकर करीब दो बजे के बाद कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां मौजूद जिला कार्यक्रम अधिकारी शारदा यादव से कहा कि उनके गांव के करीब सौ लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं। इन नामों को तत्काल मतदाता सूची में बढ़वाने का आदेश बीएलओ को दिया जाए। जिस पर कार्यक्रम अधिकारी ने इस बात की शिकायत अपर जिलाधिकारी से करने को कहा।
इतना सुनते ही दोनों युवक भड़क गए और धमकी देते हुए कहा कि अभी दो मिनट के अंदर कंट्रोल रूम बंद करा रहा हूं। बीएलओ जहां पर मिलेगा उसे वहीं पर गोली मार दी जाएगी। युवकों की धमकी से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने इसकी सूचना डीएम और एडीएम को दी। इस बाबत अपर जिलाधिकारी हरिकेश चौरसिया का कहना है ऐसा कोई प्रकरण संज्ञान में नहीं आया है। यदि ऐसा हुआ है तो ऐसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा।