अमेठी सिटी । दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ पाने वाले विद्यार्थियों की चिंता बढ़ गई है। जिले के शिक्षण संस्थानों में 5328 आवेदन लंबित हैं। संस्थानों की ओर से आवेदन अग्रसारित नहीं किए जाने से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलने में देरी हो सकती है।
जिले में योजना के तहत (कक्षा 11-12 को छोड़कर) कुल 15,637 आवेदन किए गए हैं। इनमें से 10,309 आवेदन ही शिक्षण संस्थानों ने अग्रसारित किए हैं। शेष 5328 आवेदन अभी संस्थानों की लॉगिन आईडी पर लंबित हैं। सबसे अधिक लंबित आवेदनों में दशरथ देवी महाविद्यालय शुकुल बाजार के 400, बाबू महीपति सिंह महाविद्यालय तिलोई के 380, उमा महेश्वर महाविद्यालय फुरसतगंज के 366, राजीव गांधी विद्यापीठ पाकरगांव के 295, राजर्षि रणंजय सिंह महाविद्यालय आसलदेव के 289 और रानी गणेश कुंवरि महाविद्यालय जामों के 204 आवेदन शामिल हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या ने बताया कि संस्थान स्तर से आवेदन ऑनलाइन अग्रसारित करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर 2026 निर्धारित है। सभी शिक्षण संस्थानों को लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समयसीमा तक आवेदन अग्रसारित नहीं होने पर छात्र-छात्राएं छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लाभ से वंचित हो सकते हैं। इसकी जिम्मेदारी संबंधित शिक्षण संस्थान की होगी।