हैदरगढ के अवसानेश्वर मंदिर में चोरी करने वाले चोर की करतूत सीसीटीवी में कैद।
हैदरगढ़। कोतवाली हैदरगढ़ इलाके के प्रसिद्ध श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात बेखौफ चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। गर्भगृह में घुसकर चोर करीब 25 लाख रुपये से अधिक कीमत का नौ किलो चांदी का सामान उखाड़ ले गए। चोरों ने मंदिर में रखे दानपात्र को भी नहीं छोड़ा। चोर उसे तोड़कर 20 हजार रुपये की नकदी भी समेट ले गए।वारदात के दौरान मंदिर के बाहर सड़क पर वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी सोते रहे। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच टीम के साथ ही तीन टीमों को गठित किया गया है।
मंदिर के पुजारी शिवम गिरि ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 4.30 बजे जब वह मंदिर में मुख्य द्वार का ताला खोल कर अंदर पहुंचे तो गर्भगृह के द्वार पर लोहे के जालीदार गेट व दरवाजे में लगे दो ताले टूटे मिले। इसकी जानकारी तुरंत ही प्रबंधक संजय गिरि को दी गई। गर्भगृह में शिवलिंग के चारों ओर बना चांदी का घेरा और ऊपर लगा छत्र भी गायब मिला। बताया कि करीब नौ किलो चांदी का सामान व 20,000 रुपया नगद चोरी हुआ है। सूचना पर एएसपी, सीओ मौके पर पहुंचे। इस दौरान मंदिर को पूरी तरह सील कर दिया गया था। कार्रवाई व जांच के कारण मंदिर में रोज होने वाली आरती व पूजन 11 बजे के बाद हो सका। इस दौरान दूर दराज से आए श्रद्धालु भी लौट गए।
डेढ़ घंटे तक गर्भगृह में रहा बेखौफ चोर
जांच के दौरान गर्भगृह में लगे सीसीटीवी फुटेज से पता लगा कि रात करीब 2.29 बजे एक चोर मंदिर के पूर्व में लगा चैनल तोड़ कर अंदर पहुंचा। उस समय पुलिस वाहन भी मंदिर से पश्चिम सड़क किनारे खड़ा था। करीब डेढ़ घंटा तक मंदिर में चांदी समेटने के बाद चोर उत्तर दिशा में लगी खिड़की का ताला तोड़ कर निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखा कि चोर गर्भगृह में जूते पहनकर घुसा। उसने अरघा उखाड़ने कोशिश की मगर नहीं उखड़ने पर पैर को शिवलिंग में टिकाकर पूरी ताकत से उखाड़ दिया। गर्भगृह में चोर ने बल्ब बंद के लिए स्वीच दबाया। लेकिन घटना में तीन से चार लोगों के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है। क्योंकि बाहर एक जोड़ी चप्पल व देशी शराब की शीशी भी मिली।
पुरानी घटना के बाद भी मुख्य रास्ते पर कैमरे गायब
चोर के मंदिर में घुसने व निकलने के रास्ते में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। सामने व गोमती नदी की ओर से आने वाले मार्ग पर कई कैमरे लगे हैं।। इससे लगता है कि पहले रैकी की गई या चोरों का यहां की पूरी जानकारी थी। डेढ़ साल पहले मंदिर के गर्भगृह में शिव के ऊपर कीमती धातु का नाग भी चोर उठा ले गए थे जो झाड़ियों में बरामद हुआ था।